रेखा गुप्ता होगी दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री,आज लेंगी शपथ

शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक चुनी गईं रेखा गुप्ता (50) दिल्ली की मुख्यमंत्री होंगी। बुधवार शाम केंद्रीय पर्यवेक्षक रविशंकर प्रसाद और ओपी धनखड़ की मौजूदगी में भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम का ऐलान हुआ। इसके बाद उन्होंने एलजी से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। रेखा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में गुरुवार को रामलीला मैदान में सुबह 11 बजे सीएम पद की शपथ लेंगी। दिल्ली में 26 साल बाद सरकार बना रही भाजपा ने एनडीए शासित सभी राज्यों के सीएम व डिप्टी सीएम को समारोह में बुलाया है। इसमें 50 हजार लोग शामिल हो सकते हैं। रेखा दिल्ली की नौवीं सीएम और चौथी महिला सीएम होंगी। उन्होंने शालीमार बाग सीट से आप की वंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया है। रेखा 2015 और 2020 के चुनाव में इसी सीट से वंदना कुमारी से हारी थीं। रेखा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छात्र संगठन एबीवीपी से छात्र राजनीति की शुरुआत की।